आजमगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एलवल मुहल्ला निवासी एक होटल के मैनेजर की गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के छोटे भाई ने उसके दोस्तों पर शराब में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद विसरा सुरक्षित रख लिया गया है।
ऋषभ पांडेय (24) दो भाई और एक बहन में बड़ा था। वह मुंबई के एक होटल में मैनेजर था। दो दिन पूर्व वह घर आया था। छोटे भाई रितिक पांडेय के मुताबिक, ऋषभ गुरुवार की शाम दोस्तों के साथ घर से निकला था।
शारदा चौराहे पर वह छह-सात दोस्तों के साथ बैठा था। वहां उन लोगों ने साजिशन उसे शराब में जहर देकर पिला दिया। ऋषभ के बेहोश होने पर उन लोगों ने शहर के कालीचौरा मुहल्ले में स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल के पीछे झाड़ी में फेंक दिया।
रात करीब 12 बजे यूपी100 की पुलिस ने फोन कर घरवालों को सूचना दी और ऋषभ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। ऋषभ की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।
परिवार के लोग ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।