पांडेयपुर चौराहे के पास स्थित यूनियन बैंक के बाहर से मंगलवार की दोपहर एक महिला से तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से लाख रुपये लूट लिए। घटना पांडेयपुर चौराहे पर पुलिस पिकेट के समीप की है। वहां से चंद कदमों की दूरी पर वारदात को अंजाम देकर बदमाश आसानी से भाग निकले और पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी।
करीब आधे घंटे बाद महिला ने पांडेयपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने मामले की छानबीन में पता चला है कि महिला से लूट की घटना को उसके बेटे ने साथियों से मिलकर कराई थी। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी पुलिस खंगाल रही है।
खोजवां के कश्मीरीगंज निवासी मिनता देवी का पांडेयपुर स्थित यूनियन बैंक में खाता है। मंगलवार को दिन में करीब 12 बजे वह अपने बेटे राजू के साथ बैंक गई थीं। बैंक से उन्होंने एक लाख रुपये निकाले। रुपये बैग में रखकर वह बैंक से बाहर आईं और घर जाने के लिए एक ऑटो में बैठीं।
तभी बाइक सवार तीन बदमाश आए और झपट्टा मारकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। तीनों बदमाशों ने अपना चेहरा नहीं ढका था। सीओ कैंट राजकुमार यादव का कहना है कि तीनों बदमाश महिला के जानने वाले थे। मामला संदिग्ध है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।