सोनभद्र जिले के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक महिला को पूजा के बहाने घर बुलाया और प्रसाद खिलाकर बेहोश करने के बाद सुनसान जगह ले जाकर शारीरिक शोषण किया गया। होश में आने पर महिला ने घर पहुंचकर परिवार वालों को जानकारी दी। वह गुरुवार को परिवार के लोगों के साथ कोतवाली पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि छह फरवरी को एक महिला ने अपने घर शाम को पूजा में आमंत्रित किया था। वह उसके घर पहुंची तो दो व्यक्ति प्रसाद खा रहे थे। उसे भी प्रसाद दिया गया, जिसे खाकर वह बेहोश हो गई।
आंख खुली तो उसने अपने को सुनसान स्थान पर ट्रक में पाया। उसका शारीरिक शोषण किया गया था। इसके बाद किसी तरह वह घर पहुंची और घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी महिला अन्य महिलाओं के साथ ऐसा कर चुकी है।
दुद्धी पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा ने बताया कि आरोपी महिला को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया था। शुक्रवार को पीड़िता और आरोपी दोनों महिला को बुलाया गया है। मामले की जांच हो रही है। आरोप सही हुआ तो कड़ी कार्रवाई होगी।