गलियों के शहर बनारस की निगहबानी के लिए अब पुलिस के पास एक ड्रोन कैमरा स्थायी रूप से रहेगा। यह प्रधानमंत्री सरीखे अतिविशिष्ट लोगों के आगमन और तीज-त्योहारों के दौरान जमीन से 300 मीटर तक ऊपर उड़ कर शहर के हालात की जानकारी फोटो के जरिये पुलिस को उपलब्ध कराएगा।
जल्द ही निविदा आमंत्रित कर आठ लाख रुपये की लागत से अच्छी क्वालिटी का ड्रोन कैमरा खरीदा जाएगा। इसके लिए सोमवार को दो कंपनियों के प्रतिनिधियों ने एसएसपी आकाश कुलहरि के सामने प्रेजेंटेशन भी दिया। बीते पांच अक्तूबर को गोदौलिया में हुए उपद्रव के बाद पुलिस और प्रशासन बेहद फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं।
इस संबंध में प्रदेश सरकार ने भी गंभीरता दिखाते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की हरसंभव मदद की बात कही है। इसी के तहत तय किया गया है कि गलियों, मोहल्लों सहित पूरे शहर की निगहबानी के लिए एक ड्रोन कैमरा खरीदा जाए, जो अतिविशिष्ट लोगों के आगमन और त्योहारों पर सुरक्षा की दृष्टि से बेहद मुफीद साबित होगा।
प्रतिसार निरीक्षक टीपी द्विवेदी ने बताया कि पुलिस लाइन में अधिकारियों की मौजूदगी में दो कंपनियों के प्रतिनिधियों ने ड्रोन कैमरों के संबंध में प्रेजेंटेशन दिया है। जल्द ही निविदा आमंत्रित कर एक ड्रोन कैमरा खरीदा जाएगा।