मुख्यमंत्री महंत आदित्यनाथ की विवादित तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने का सिलसिला थम नहीं रहा है।
इसी कड़ी में सोमवार को लंका थाने में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र कृष्ण कुमार यादव के खिलाफ बीएचयू के प्रवीण राय सहित अन्य छात्रों की तहरीर पर आईटी एक्ट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
लंका इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह को प्रवीण राय ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की विवादित तस्वीर फेसबुक पर वायरल की गई है।
इससे वे आहत हैं और समाज में इसका गलत संदेश जा रहा है।
प्रवीण के साथ गए छात्रों ने भी आरोपी कृष्ण कुमार यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।