लाटसरैया स्थित धर्मस्थल में गुरुवार दोपहर एक सिपाही की चूक से हंगामा हो गया और फिर दो वर्ग के लोगों के बीच तनाव बढ़ गया। भारी गहमागहमी के माहौल के बीच लगभग पांच घंटे बाद डीएम विजय किरन आनंद और एसएसपी आकाश कुलहरि ने समझा-बुझाकर माहौल को सामान्य कराया। एहतियातन एसपी सिटी की अगुवाई में मौके पर आठ थानों की फोर्स, चार डिप्टी एसपी, दो कंपनी पीएसी और क्यूआरटी तैनात की गई है।
आदमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लाटसरैया स्थित एक धर्मस्थल में एक वर्ग के लोगों की धार्मिक क्रिया के दौरान एक सिपाही जूता पहन कर उनके सामने से गुजर गया। इस पर कुछ लोगों ने एतराज जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया और सिपाही के निलंबन की मांग करने लगे। आरोप है कि हंगामा कर रहे लोगों में से कुछ युवकों ने दूसरे वर्ग के धार्मिक आयोजन के मद्देनजर लगी झंडी उखाड़ कर पोखरे में फेंक दी। इस पर दूसरे वर्ग के लोग झंडी उखाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
जानकारी मिलने पर एसएसपी ने एसपी सिटी को फोर्स लेकर मौके पर भेजा। एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय और एसपी सिटी सुधाकर यादव ने धरना दे रहे लोगों को समझाया कि झंडी उखाड़ कर फेंकने वालों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद माहौल सामान्य हो गया। इसकी थोड़ी देर बाद ही एक वर्ग के कुछ युवकों ने फिर नारेबाजी शुरू कर दी तो दूसरे वर्ग ने भी नारेबाजी कर उसका जवाब दिया। सूचना पाकर डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे और सभी को समझा-बुझा कर शांत किया। एसएसपी ने कहा है कि जूता पहन कर गुजरने वाले सिपाही को चिह्नित कर उसे निलंबित किया जाएगा।