पुलिस लाइन में जानकारी देतीं बलिया एसपी सुजाता सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बलिया कोतवाली पुलिस ने रविवार को बाइक लूट गिरोह का पर्दाफाश किया है। सरगना सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से तीन बाइक एवं 14 मोबाइल सेट पुलिस ने बरामद किया है।
सीओ सिटी केसी सिंह के नेतृत्व में माल्लेपुर मोड़ के पास से फेफना थाना क्षेत्र के मलिकपुरा निवासी शमशाद खान को गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान किया।
पुलिस लाइन में गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी फेफना थाना क्षेत्र के मलिकपुरा निवासी शमशाद खान पुत्र असलम, अफजल पुत्र तफज्जुल व आरिफ पुत्र शोएब है, जबकि अन्य फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर निवासी रवि पासवान पुत्र सोमारू पासवान, निधरिया निवासी जावेद हुसैन पुत्र शकील कुरैशी और शहर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी व दूकानदार सोनू पुत्र चंद्रकांत प्रसाद है।
इन सबका सरगना शमशाद खान है। जबकि सोनू दूकानदार है, जो लूट व चोरी की मोबाइल खरीदता था। पूछताछ में शमशाद ने बताया कि यह एक गिरोह है, जिसमें पांच सदस्य है। हम सभी लोग नगर के सुनसान इलाके में बाइक से जाते हैं और महिलाओं और लड़कियों का अपना शिकार बनाते हैं।
इस दौरान चलती बाइक से झपट्टा मारकर बैग या पर्श छीनकर भाग जाते हैं। एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से तीन बाइक भी बरामद की गई, जिससे यह गिरोह घटना को अंजाम देते थे। एसपी ने पकड़ने वाले टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।