बलिया पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। एक फ्लावर मिल से पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
शराब इतनी ज्यादा थी कि पुलिस को एक ट्रक, तीन पिकअप व एक बोलेरो में लादकर शराब पुलिस थाने ले जाना पड़ा। फ्लावर मिल इब्राहिमाबाद निवासी भुवर सिंह का है। इस मामले में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
बताया जाता है कि बैरिया तहसील के मठ योगिंद्र गिरी स्थित फ्लावर मिल के गोदाम में शराब रखे जाने की सूचना पर पुलिस ने सोमवार की भोर में छापेमारी की। जब पुलिस वहां पहुंची, उस वक्त शराब को ट्रक, बोलेरो व पिकप पर लादकर बिहार लेकर जाने की तैयारी चल रही थी।
पुलिस की छापेमारी में फ्लावर मिल में रखी अंग्रेजी शराब तो बरामद हुई लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि तस्करों को पुलिस के आने की भनक लग गई थी, इस वजह से वे पहले ही निकल लिए थे।
गोदाम में हजार पेटी से अधिक हरियाणा निर्मित शराब तथा दर्जनों बोरियों में भरी शराब की बोतलें रखी गई थीं। सूचना पाकर बैरिया एसएचओ अविनाश कुमार सिंह, बैरिया सीओ रामदरश यादव, आबकारी इंस्पेक्टर आदित्य प्रकाश भी मौके पर पहुंच गये।
पुलिस ने बरामद शराब की कीमत करीब एक करोड़ बताया है। बैरिया सीओ रामदरश यादव ने बताया कि फ्लावर मिल से लगभग 1400 पेटी शराब बरामद की गई है। अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।