वाराणसी के पांडेयपुर इलाके में पुलिस की गाड़ी पर लोगों ने अचानक से हमला कर दिया। इसमें पुलिस इंस्पेक्टर घायल हो गए। साथ ही उनका मोबाइल भी लोग छीनकर भाग गए। वहीं इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस का कहना कि बिजली विभाग के प्रवर्तन दल के इंस्पेक्टर दीपक श्रीवास्तव विराटनगर कॉलोनी के एक आरओ प्लांट पर बिजली का कनेक्शन चेक करने के लिए गए थे। वह वहां बिजली के कनेक्शन को वैध या अवैध के बारे में जानने गए हुए थे। इसके बाद जब वह पाण्डेयपुर चौराहे पर पहुंचे, तो लोगों ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस प्रभारी पर जिस समय हमला हुआ था, वहां से कुछ कदम की दूरी पर ही पाण्डेयपुर पुलिस चौकी है, लेकिन किसी सिपाही को पता नहीं लगा। इंस्पेक्टर किसी तरह से खुद को हमलावरों से बचाते हुए गाड़ी से निकल भागे। इसके बाद वह सीधे घायल अवस्था में कैंट थाने पहुंचे। इंस्पेक्टर के चेहरे से खून भी निकल रहा है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस फोर्स
इसके बाद पुलिस इंस्पेक्टर दीपक श्रीवास्तव पर हमला करने वाले आरोपियों को पकड़ने के लिए आरओ प्लांट पर एडीएम सीटी विनय सिंह और एसपी सिटी दिनेश सिंह के नेतृत्व में विराटनगर कॉलोनी में भारी पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। आरोपी पुलिस लाइन का फॉलोवर अमृत लाल का लड़का और उसके दोस्त हैं। फिलहाल सभी फरार हैं। पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही है।