जन्माष्टमी के नाम पर जबरन चंदा वसूली की शिकायत पर पहुंची पुलिस पर अराजकतत्वों ने पथराव कर दिया। इसमें दो सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने 15 अज्ञात समेत 24 पर केस दर्ज कर सात को गिरफ्तार कर लिया। मामला यूपी के जौनपुर जिले का है।
वाराणसी-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिसिरपुर गांव के पास मंगलवार भोर में कुछ युवक वाहनों को रोक कर जन्माष्टमी के नाम पर जबरन चंदा वसूली कर रहे थे। किसी वाहन चालक ने जफराबाद थाने पहुंचकर शिकायत की कि चंदा न देने पर युवक वाहन चालकों से मारपीट पर उतारू हो जा रहे हैं।
इसके बाद जफराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां सड़क किनारे कुछ युवक खड़े थे। पुलिस ने उन्हें डांट कर भगा दिया। यहां से पुलिस जलालपुर की ओर बढ़ गई। जलालपुर थाने की सीमा के पास से पुलिस की गाड़ी वापस जफराबाद थाने की ओर आ रही थी।
गाड़ी जब मिसिरपुर के पास पहुंची तो अराजकतत्वों ने बाइक सड़क पर खड़ी कर दी और पुलिस टीम पर पथराव किया। इसमें कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव और शिव वदन घायल हो गए। पुलिस ने लाठी लेकर दौड़ाया तो अराजकतत्व भाग गए। थाने से और फोर्स बुलाकर कृष्ण कुमार यादव, सतीश, मुन्नू, संदीप कुमार, रामसूरत, दिलीप कुमार, रामशृंगार को गिरफ्तार कर लिया गया।