जयप्रकाशनगर। क्षेत्र की जयप्रकाशनगर नई बस्ती दलजीत टोला में विगत 11 मई को हुई गैस सिलिंडर विस्फोट के बाद एक के बाद एक अर्थियां उठती चली गईं, लेकिन मदद या मुआवजा के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिल पाया। गरीब परिवार के मुखिया सुभाषचंद आज भी मदद के लिए गैस कंपनी की चौखट से लेकर तहसील और ब्लाक का चक्कर लगा रहे हैं। बावजूद अभी तक उन्हें कुछ भी नहीं मिला। उस घटना में घर के मुखिया सुभाष चंद प्रजापति की बहू पूनम देवी (24) की मौत पहले ही दिन हो गई थी। उसके दो दिन बाद सुभाषचंद के पुत्र और पूनम के पति इंदल (27) की मौत हो गई। अगले दिन सुभाषचंद्र प्रजापति के एक और पुत्र अजय (22) और उनकी पत्नी मुन्नी देवी (55) भी जिला अस्पताल में दम तोड़ दी। तभी से सुभाषचंद्र कागजी कोरम पूरा करने के लिए दौड़ रहे हैं। उन्हें आज तक विकासखंड मुरलीछपरा से मृत सभी परिजनों का मृत्यु प्रमाणपत्र और परिवार रजिस्टर की नकल तक नहीं मिल पाई है।