जिला अस्पताल के नए भवन में लगा ट्रांसफार्मर बुधवार की रात करीब साढ़े 8 बजे तेज आवाज के साथ फट गया। इस दौरान उसकी चपेट में आने से एक वृद्ध झुलस गया। ट्रांसफार्मर फटते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में झुलसे कोतवाली क्षेत्र के बेदुवा निवासी घायल हुए भैरोप्रसाद (68) का इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। भैरो प्रसाद अस्पताल में भर्ती अपनी चार वर्षीय नतिनी पलक को देखने आये थे।