बेल्थरा रोड। उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को सुबह छेड़खानी से मना करने पर गांव के कुछ युवकों ने युवती के परिजनों को मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाकर कराया गया है। इनमें गंभीर स्थिति के चलते युवती के चाचा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्राम निवासी एक युवती सुबह के समय शौच के लिए घर से बाहर खेत की ओर गई थी ।आरोप है कि इस दौरान गांव के रहने वाले कुछ युवक युवती के साथ छेड़खानी की कोशिश करने लगे। युवती ने शोर मचाया। शोर सुनकर युवती के परिजन मौके पर पहुंच छेड़खानी से मना करने लगे, इस पर युवकों ने युवती के परिजनों को लाठी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।