मुंबई। मुंबई की अपराध शाखा ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के 22 वर्षीय रमाशंकर यादव के हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए 19 साल के आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि 13 साल के आरोपी को हिरासत में लिया है। छानबीन में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने लूटपाट के लिए हत्याकांड को अंजाम दिया था।
मुंबई के डीसीपी दिलीप सावंत ने बताया कि 18 मार्च को कुर्ला की एकता हाउसिंग सोसायटी के पास फुटपाथ पर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान रमाशंकर यादव के रुप में हुई थी। रमाशंकर अपनी बीमार मां और भाई को देखने आया था। वारदात के दिन यादव टिकट लेने और अपने किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए सुबह चार बजे निकला था। इसी बीच आरोपियों ने लूटपाट के बाद विरोध करने पर उसकी जान ले ली। पुलिस ने पहले इस तरह की आपराधिक वारदातों में लिप्त लोगों की खोजबीन की और इसी आधार पर मोहम्मद सादिक शेख (19) और 13 वर्षीय नाबालिग आरोपी तक पहुंची। दोनों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस की गिरफ्त में आए नाबालिग आरोपी के खिलाफ आठ साल की उम्र में ही धारा 307 के तहत मामला दर्ज है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी किसी और की मोटर साइकिल लेकर रात में लूटपाट के इरादे से निकले थे। आरोपियों ने यादव को अकेला देखकर उनसे सामान छीना और विरोध करने पर चाकू मारकर हत्या कर दी। नाबालिग आरोपी के आठ भाई और पांच बहनें हैं और वह बचपन से ही आपराधिक वारदातों में लिप्त रहा है। नाबालिग आरोपी को डोंगरी सुधार गृह भेज दिया गया है।