बाइक सवार बदमाशों ने अधेड़ को मारी गोली
नदवासराय। घोसी कोतवाली के इंद्रपुर हमीदपुर गांव के समीप सोमवार की देर रात बदमाशों ने एक बाइक सवार अधेड़ को गोली मार दी। अधेड़ अपने पत्नी के साथ एक शव को मिट्टी देकर घर जा रहा था। गुड्डू (50 ) पुत्र मोहिद्दीन निवासी माहपुर चिरैयाकोट सोमवार को हमीदपुर में एक रिश्तेदारी में अंतिम संस्कार में शामिल होने गया था। उसके साथ उसकी बीबी भी थी। वहां से वापसी में देर रात लगभग 10 बजे घर के लिए रवाना हुआ। अभी वह हमीदपुर से आगे इंद्रपुर गांव के समीप पहुंचा था कि पीछे से आये बाइक सवार दो बदमाशों ने चलती बाइक पर ही गोली मार दी। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। घायल को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।