सुईथाकला (जौनपुर)। एसबीआई की पट्टीनरेंद्रपुर शाखा में प्रबंधक को गोली मारने के बाद रुपये लूटकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाने की बात से रविवार दोपहर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बदमाशों की पिटाई करते ग्रामीणों की फोटो के साथ व्हाट्सएप पर यह सूचना वायरल होने के बाद बिना इस पर ध्यान दिए कि रविवार को बैंक में छुट्टी है, सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब पता चला कि सूचना झूठी थी। पुलिस ने बैंक के चपरासी संजय की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में एक व्यक्ति को उठाया गया है। क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजय श्रीवास्तव रविवार को दोपहर 12 बजे शाहगंज नगर में अतिक्रमण हटवा रहे थे। इसी दौरान व्हाट्सएप पर आई सूचना देख वे चौंक गए। सूचना थी कि एसबीआई की पट्टीनरेंद्रपुर शाखा के प्रबंधक को गोली मारकर बदमाशों ने बैंक से रुपये लूट लिए। भाग रहे तीन बदमाशों को गांव के लोगों ने पकड़ लिया है और उन्हें बंधक बनाकर पिटाई कर रहे हैं। बदमाशों के पास से ग्रामीणों ने पिस्टल और लूट के रुपये भी बरामद किए हैं। साथ में बदमाशों की पिटाई का फोटो भी था। सीओ ने उच्चाधिकारियों को सूचना देते हुए सर्किल के सभी थानेदारों को मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया तथा वे खुद मौके पर पहुंच गए। इस आपाधापी में किसी को ध्यान नहीं रहा कि बैंक में रविवार का अवकाश है। पुलिस मौके पर पहुंची तो बैंक में ताला बंद था। चपरासी मौजूद था। भारी संख्या में पुलिस फोर्स को देख स्थानीय लोगों में भी खलबली मच गई। पुलिस ने सूचना देने वाले के नंबर पर पूछताछ की तो उसने बताया कि यह व्हाट्सएप मैसेज उसके पास किसी और ने फारवर्ड किया था। क्षेत्राधिकारी ने नाराजगी जताई और चपरासी संजय कुमार से तहरीर ली। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सीओ का कहना है कि व्हाट्सएप ग्रुप में झूठी सूचना देने वाले अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही आरोपी का पता लगाकर उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।