बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के सीताकुंड गांव स्थित आभूषण की दुकान का दरवाजा तोड़कर हुई डेढ़ लाख की चोरी का दस दिन बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। चोरों ने 19 दिसंबर की रात घटना को अंजाम दिया था। थाना क्षेत्र के सीताकुंड गांव निवासी रामदुलार वर्मा की गांव में ज्वेलरी की दूकान है। प्रतिदिन की भांति दुकानदार 19 दिसंबर की शाम दूकान बंद कर बगल स्थित कमरे में भोजन करने के बाद सो गया। इसी बीच चोरों ने रात में दुकान का दरवाजा तोड़ आलमारी उठाकर साथ लेकर चले गए। जिसमें रखे करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात चुरा लिया। पीड़ित जब सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो दरवाजा खुला देख अवाक हो गया था। पीड़ित ने तहरीर में उल्लेख किया था कि चांदी की पायजेब, पायल, बिछुआ, हथशंकर, सोने की नथुनी, लाकेट, मोती, झखला-झुमका, अंगुठी, मांगटीका एवं नकदी की चोरी हुई है।