चार गांजा तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़ कोतवाली पुलिस और वाराणसी एसटीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर नगर के हाफिजपुर चौराहे से रविवार को अदरक लदे ट्रक में छुपाकर रखा गया ढाई क्विंटल गांजा बरामद किया। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने रविवार को शहर कोतवाली में पत्रकारों को बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान अदरक के बोरों के बीच छिपाकर रखा गया लगभग दो क्विंटल 40 किग्रा गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने ट्रक पर सवार चार लोगों को गिरफ्तार करते हुए उनके बताने पर पीछे से बाइक पर आ रहे दो अन्य को भी दबोचने का प्रयास किया। लेकिन दोनों बाइक छोड़कर भाग गए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि बरामद गांजा असम राज्य से जिले के तरवां थाना क्षेत्र में ले जाया जा रहा था।
पकड़े गए लोगों में एक असम का,दो बिहार का जिले के निवासी बताए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि बाइक छोड़कर भागने वाले पिंटू यादव और साधू यादव तरवां थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस अधीक्षक ने गांजा बरामद करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।