जौनपुर। जलालपुर थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने चोरी की छह घटनाओं का खुलासा करते हुए दो बाइक के साथ अंतर्जनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक केके चौधरी बुधवार को बताया कि मंगलवार की रात एक बजे जलालपुर पुलिस को सूचना मिली कि सरकारी अस्पताल के निकट कुछ संदिग्ध लोग किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद थानाध्यक्ष तहसीलदार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया। थाने में पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने बदमाशों से पूछताछ की तो चोरी कई कई घटनाओं का खुलासा हुआ। इनके पास से चोरी की दो बाइक बरामद हुई। गिरफ्तार चोरों में विवेक उर्फ विवेकानंद निवासी छित्तेपुर, सरायमीर आजमगढ़, अर्जुन चौहान निवासी द्वरकामऊ रंगई, सरायमीर आजमगढ़ और मनोज सोनकर निवासी युसूफपुर थाना फूलपुर आजमगढ़ है। इनके कब्जे से चोरी की दो बाइक, दो लैपटॉप, एक एलईडी टीवी, छह मोबाइल, विभिन्न कंपनियों के रीचार्ज कूपन, साड़ी, कीमती कपड़े, जूते, जींस, टी शर्ट, जैकेट बाइक की 13 चाभियां आदि चोरी के सामान बरामद हुए। पुलिस ने चोरों से पूछताछ के बाद 22 अगस्त को पुरेव बाजार में हुई कपड़े की दूकान से चोरी, 15 अक्तूबर को इसी बाजार में कपड़े की दूकान से चोरी, सिद्धि विनायक एजेंसी मछलीशहर में नकब लगाकर चोरी का खुलासा किया। 26 मई को सिटी रेलवे स्टेशन जौनपुर से चुराई गई मोटरसाइकिल भी बरामद किया।