सोनभद्र। जिले से सटे झारखंड की पलामू पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी के एरिया कमांडर गुड्डू यादव उर्फ निर्भयजी उर्फ धर्मदेव यादव उर्फ अमित यादव समेत जेपीसी के चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गुड्डू की गिरफ्तारी रांची के रातू थाना क्षेत्र से हुई है। वहीं जेपीसी के उग्रवादियों को पुलिस ने मनातू थाना क्षेत्र के मझोली से खदेड़कर दबोचा है। इसको लेकर एसपी किरीट राठोड ने बॉर्डर पर सीआरपीएफ को अलर्ट कर दिया है।
टीपीसी का कमांडर गुड्डू यादव हरिहरगंज थाना क्षेत्र के अंधारीबाघ गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ छतरपुर, पीपरा, हरिहरगंज, हैदरनगर, मोहम्मदगंज, विश्रामपुर एवं बिहार के टंडवा तथा नवीनगर थाना में लगभग डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2008 में माओवादियों के साथ मिलकर छतरपुर के खैरादोहर के मुकेश यादव का अपहरण कर उसकी हत्या करने देवगण में मारपीट करने एवं शारदा ऑटो मोबाइल के बलदेव यादव की दुकान में आगजनी और तोड़फोड़ समेत अन्य थाना क्षेत्रों में मारपीट, हत्या, लेवी लेने, पुलिस के साथ मुठभेड़ जैसे मामलों में शामिल रहा है। पलामू के एसपी इंद्रजीत महथा ने बताया कि कुख्यात नक्सली गुड्डू के रातू थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। जिसके आधार पर पलामू पुलिस की टीम वहां गई और एसटीएफ तथा रातू थाना प्रभारी के सहयोग से छापामारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। इधर मनातू थाना क्षेत्र से पकड़े गए नक्सलियों में लोकेंद्र यादव, हरजीत कुमार एवं प्रमोद यादव शामिल हैं। एसपी ने बताया कि जेपीसी के उग्रवादियों द्वारा मनातू से मिटार के बीच बन रहे सड़क व पुल-पुलिया के ठेकेदार से लेवी मांगने और नही देने पर निर्माण कार्य में लगे वाहन एवं मशीन को क्षति पहुंचाने के लिए एरिया कमांडर लोकेंद्र यादव के अपने नक्सली टीम के साथ वहां पहुंचने की सूचना मिली थी। नक्सलियों के पास से एक लोडेड पिस्टल, कारतूस एवं पोस्टर बरामद हुई है। पकड़े गए नक्सलियों की निशानदेही पर अन्य नक्सली रविंद्र यादव, गुड्डू कुमार, विशुन देव यादव, आदित्य यादव एवं दिनेश यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लेगी।