वाराणसी। उदय प्रताप महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पंकज सिंह बागी पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज होने का आरोप है। छात्रसंघ के पूर्व पदाधिकारियों का आरोप है कि इस बार छात्रसंघ चुनाव मेंअध्यक्ष पद का पर्चा भरने वाले पंकज सिंह पर कई मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में लिंगदोह की सिफारिशों का ये खुला उल्लंघन है। पूर्व अध्यक्ष नवीन सिंह, महामंत्री हर्ष सिंह, उपाध्याय कृष्णमूर्ति सिंह और पुस्तकालय मंत्री अंकित सिंह का ये भी आरोप है कि प्रत्याशी पंकज दर्ज मुकदमों की जानकारी कालेज के प्राचार्य और चुनाव अधिकारी को है, बावजूद इसके वो उसका नामांकन वैध कराने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर लिंगदोह की सिफारिशों के अनुरूप चुनाव नहीं होता है छात्र आंदोलन करेंगे। उधर गुरुवार को नामांकन पत्रों व संलग्न दस्तावेजों की जांच की गई। शुक्रवार को नाम वापसी के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। प्रधान चुनाव अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश सिंह के अनुसार लिंगदोह समिति के नियमों का पूरा पालन किया जाएगा। शुक्रवार दोपहर तीन बजे वैध प्रत्याशियों की सूची घोषित की जाएगी।