जिला शासकीय अधिवक्ता करेंगे सिकरौरा कांड की पैरवी
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। सिकरौरा नरसंहार मामले में वादिनी हीरावती की ओर से दिए गए आवेदन पर प्रभावी पैरवी के लिए डीएम योगेश्वर राम मिश्र के निर्देश पर एडीएम सिटी वीरेंद्र पांडेय ने जिला शासकीय अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह को नियुक्त किया है। वर्ष 1986 में चंदौली के सिकरौरा गांव में प्रधान रामचंद्र यादव उनके भाई और पांच मासूम बच्चों की नृशंस हत्या कर दी गई ,इसी दौरान लेडीज साइकिल से भागते समय रक्त रंजीत गड़ासे और साइकिल के साथ पुलिस की गोली से घायल होने पर धौरहरा चौबेपुर निवासी बृजेश उर्फ वीरू को गिरफ्तार किया था। इस मामले में वादिनी के विधिक पैरोकार राकेश न्यायिक ने आरोपी एमएलसी को सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी के लिए डीएम से गुहार लगाई थी। अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम की कोर्ट में अपर शासकीय अधिवक्ता राशिद जमाल सिद्दीकी पैरवी करते रहे। अब एडीएम सिटी की तरफ से पत्र मिलने के बाद डीजीसी फौजदारी अनिल सिंह इस मामले की प्रभावी पैरवी करेंगे। इस प्रकरण में वादिनी की गवाही के लिए 8 नवंबर की तिथि नियत है।