एनटीए ने सौंपी प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची
विज्ञापन
पंद्रह अगस्त तक यूजी की प्रवेश प्रक्रिया खत्म करने की तैयारी माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। बीएचयू में नए सत्र में स्नातक, स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए जुलाई के अंतिम सप्ताह से काउंसिलिंग की तैयारी चल रही है। प्रवेश परीक्षा का परिणाम आने के बाद अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) में सफल अभ्यर्थियों की सूची भी विश्वविद्यालय को सौंप दी है। विश्वविद्यालय स्तर पर गठित केंद्रीय प्रवेश समिति ने अपना काम शुरू कर दिया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से सीयूईटी यूजी, पीजी कराई गई थी। देश भर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। पिछले सप्ताह परिणाम जारी कर दिया गया है, अब अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग का इंतजार है। बीएचयू की ओर से पहले ही प्रवेश प्रक्रिया को लेकर प्रो. राकेश रमन की अध्यक्षता में केंद्रीय प्रवेश समिति गठित की जा चुकी है। प्रो. रमन का कहना है कि सब कुछ ठीक रहा तो 28 जुलाई से स्नातक में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कराई जा सकती है। पहले दिव्यांग अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा। कुल मिलाकर 15 अगस्त तक प्रक्रिया खत्म करने की योजना बनाई गई है।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय-कॉलेज में साथ-साथ दाखिला केंद्रीय प्रवेश समिति के अध्यक्ष प्रो. राकेश रमन ने बताया कि एनटीए की ओर से सफल अभ्यर्थियों की सूची मिल गई है। विश्वविद्यालय और कॉलेजों में काउंसिलिंग की प्रक्रिया साथ-साथ कराई जाएगी। इसी उद्देश्य के तहत समिति काम कर रही है। इस व्यवस्था से कॉलेजों से जुड़े लोगों के साथ ही अभ्यर्थियों को भी सहूलियत होगी।
87 हजार अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण बीएचयू में यूजी में प्रवेश के लिए हुई परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में अब तक 87 हजार ने पंजीकरण कराया है। 23 जुलाई तक पंजीकरण का मौका है। माना जा रहा है कि संख्या में अभी और बढ़ोतरी होगी। प्रो. राकेश ने बताया कि नियमानुसार दो दिन डेटा सुधारने का मौका भी दिया जाएगा। किसी अभ्यर्थी के पंजीकरण फॉर्म में कुछ गलतियां हैं तो उसे नियमानुसार ठीक कराया जा सकता है।