गर्मी की छुट्टियां बीतने के करीब 38 दिन बाद बृहस्पतिवार से परिषदीय विद्यालय पठन-पाठन के लिए खुल गए। पहले दिन विद्यालयों में बच्चों को टीका लगाकर और आरती उतार कर स्वागत किया गया। हालांकि, पहले ही दिन विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति करीब 40 फीसदी रही। कुछ विद्यालयों में शिक्षक भी नहीं थे।अमर उजाला की ओर से बृहस्पतिवार को कुछ परिषदीय विद्यालयों की पड़ताल कराई गई। इसमें लोहता क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भट्ठी में 16 शिक्षकों में 14 ही उपस्थित मिले। दो सीसीएल पर थे। प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर में 9 में से 7 शिक्षक ही मौजूद रहे। दोनों ही विद्यालयों में छात्र संख्या बहुत कम थी। राजातालाब क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय ढढोरपुर में छात्र संख्या कम मिली। रोहनिया के कंपोजिट विद्यालय मोहनसराय में 246 में से 107 ही आए थे। कंपोजिट विद्यालय बैरवन में 157 में 92 ही उपस्थित रहे। ऐसे ही प्राथमिक विद्यालय जगतपुर में 116 में से 80 बच्चे ही आए थे। वहीं, रामनगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में 257 में 197 छात्र उपस्थित मिले। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गर्मी अधिक होने के कारण छात्रों की संख्या कम थी। इसे लगातार बढ़ाने पर जोर है। अब नियमित रूप से विद्यालय खुलेंगे। छात्रों की संख्या भरपूर देखने को मिलेगी। वहीं जहां गायब शिक्षकों से अनुपस्थिति का कारण जानेंगे। अगर लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी।