सोनभद्र। कोडीन युक्त कफ की तस्करी मामले में मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल सहित तीन आरोपियों के घर पर मंगलवार को कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया। सोनभद्र की पुलिस ने वाराणसी, भदोही जाकर शुभम के साथ ही उसके करीबी रवि, विजय के घर पर नोटिस चस्पा किया। मुनादी भी कराई गई। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को 27 फरवरी 2026 तक अदालत और पुलिस के समक्ष उपस्थित होना है। ऐसा नहीं हुआ तो चल-अचल संपत्ति की कुर्की की जाएगी। इसके लिए अदालत से आदेश प्राप्त किया जाएगा। एसपी अभिषेक वर्मा के मुताबिक, कफ तस्करी के मामले में ए-9/24 जे कायस्थ टोला प्रहलाद घाट वाराणसी निवासी शुभम जायसवाल, उसके सहयोगी वार्ड छह चांदनी चौक नई बाजार भदोही निवासी निशांत कुमार गुप्ता उर्फ रवि गुप्ता और के-64/1ए, गोला दीनानाथ कबीरचौरा वाराणसी निवासी विजय गुप्ता के खिलाफ अदालत ने पहले ही गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके बावजूद आरोपी अदालत में हाजिर नहीं हो सके। अदालत ने सोमवार को कुर्की का नोटिस (उद्घोषणा आदेश) जारी किया है। इसके अनुपालन के लिए राॅबटर्सगंज कोतवाली पुलिस मंगलवार को वाराणसी और भदोही पहुंची। लोगों की मौजूदगी के बीच आरोपियों के घरों के दरवाजे पर नोटिस को चस्पा किया गया।