काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास 23 जून तक आवेदन में संशोधन का मौका है। इसके लिए 19 जून से करेक्शन विंडो खोली जा रही है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेशानुसार स्नातक पाठ्यक्रमों के प्रवेश आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन 19-23 जून तक विवि के प्रवेश पोर्टल के माध्यम से किया जा सकेगा। इस पर लॉगिन करने के बाद करेक्शन विंडो ओपन हो जाएगा। जिन अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में संशोधन करना है, वे उक्त निर्धारित अवधि में ही संशोधन कर लें। इस अवधि के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। कुलसचिव ने कहा कि अभ्यर्थी के नाम, जन्मतिथि एवं आवेदित पाठ्यक्रम में किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा।