शाहगंज के भटियारी सराय निवासी बिल्डिंग मैटेरियल के व्यापारी (65) की पिछले दिनों वहीं के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। बाद में उनके कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी हुई। स्वास्थ विभाग ने परिवार के सदस्यों का सैंपल जांच के लिए भेजा था। सोमवार को आई रिपोर्ट में मृतक की पत्नी, तीन बेटे, एक बहू समेत छह लोग पॉजिटिव मिले हैं।
रामपुर थाने में तैनात पुलिसकर्मियों का सैंपल 25 जून को लिया गया था। इसमें तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दो पुलिसकर्मी यूपी-112 पीआरवी पर तैनात हैं, जबकि तीसरे की ड्यूटी गोपालापुर हलके में लगाई गई थी। पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने के बाद थाने मेंस्त्र खलबली मच गई है। विभिन्न मामलों को लेकर पिछले कुछ दिनों में थाने पहुंचे लोग भी सहम गए हैं।
जलालपुर के मकरा गांव में 19 जून को मुम्बई से महानगरी एक्सप्रेस से एक परिवार के 11 लोग आए थे। इसमें एक महिला (43) और उसकी बेटी (12) और पुत्र (13) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बरसठी के बघनरी गांव में 12 लोग मुम्बई से ट्रेन में 20 जून को गांव आए थे। सभी घर मे ही क्वारंटीन थे। इसमें से पांच सदस्यों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
रामनगर ब्लॉक के दमोदरा गांव में भी एक परिवार के दो लोग पॉजिटिव मिले हैं। दोनों ुंबई से आए थे। रामपुर ब्लाक के आशानंदपुर गांव निवासी पिता-पुत्र भी मुंबई से आए थे। उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। रामपुर के ही बनीडीह, महराजगंज के फत्तूपुर, मीरापुर सिरोमनि में एक-एक प्रवासी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।
मछलीशहर में सायकिल मरम्मत करने वाले वृद्ध की पूल सैंपलिंग कराई गई थी, जो पॉजिटिव निकला है। सीएमओ डॉ रामजी पांडेय ने बताया कि सभी मरीजों को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उनके संपर्क में आने वालों की पहचान कर सैंपल लिया जा रहा है।