गाजीपुर। जिले में शनिवार की देर शाम आई रिपोर्ट में 187 कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हड़कंप मच गया। वहीं एक संक्रमित की इलाज के दौरान मौत हो गई। सदर ब्लाक के विभिन्न गांवों एवं नगर क्षेत्र में अधिक मरीज मिले हैं। एक सप्ताह में 538 पॉजिटिव मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ऐसे में मौत का आंकड़ा जहां 98 पहुंच गया है। वहीं कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 5961 पहुंच गई हैं। जबकि एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 614 पहुंच गया है। सदर ब्लाक के एक गांव निवासी व्यक्ति को सर्दी, जुकाम एवं बुखार की शिकायत हुई थी। निजी अस्पताल में उपचार कराया गया तो ठीक हो गए। इसी बीच जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उनकी वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। देर शाम आई रिपोर्ट में जमानिया 11, बिरनो में चार, बाराचवर में तीन, सैदपुर में 22, सादात में आठ, रेवतीपुर में 18, मुहम्मदाबाद में छह, मरदह में नौ, मनिहारी में छह, कासिमाबाद में 11, करंडा में चार, जखनिया में 11, सदर ब्लाक के विभिन्न गांवों में 45, देवकली में 12, भांवरकोल में चार, नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में 13 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इस संबंध में सीएमओ डॉ. जीसी मौर्या ने बताया कि 187 नए मरीज मिले हैं। जबकि एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई है। ऐसे में एहतियात बरतने की आवश्यकता है।