कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल को क्वारंटीन अस्पताल बनाने का निर्णय लिया है। फिलहाल 125 बेड वाले इस अस्पताल में केवल कोरोना के मरीज ही भर्ती किये जायेंगे। यहां भर्ती सामान्य मरीजों को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा रेफर किया जाएगा। जिले में कोरोना संदिग्धों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए अब आइसोलेशन वार्ड में बेड बढ़ाने के साथ ही अन्य सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है।
इसके तहत महिला अस्पताल कबीरचौरा के एमसीएच विंग में 100, ईएसआई हॉस्पिटल और आयुर्वेद अस्पताल में 50-50 और हेरिटेज मेडिकल कालेज को आईसोलेशन सेंटर बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा अब दीनदयाल अस्पताल में केवल कोरोना के मरीज ही भर्ती किये जायेंगे। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि दीनदयाल अस्पताल के मरीजों को मंडलीय अस्पताल शिफ्ट करने की तैयारी है।
बीएचयू में डीएम ने भिजवाए आठ वेंटिलेटर
कोरोना मरीजों के इलाज को लेकर सुविधाओं में भी अब बढ़ोत्तरी की जा रही है। डीएम कौशल राज शर्मा ने मंगलवार को बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल में आठ नए वेंटिलेटर भिजवाए। इसके अलावा यहां पहले से ही 16 बेड वाले आईसीयू को क्वारंटीन आईसीयू बनाया गया है।
जिले में 161 लोगों को किया गया होम क्वारंटीन
जिले में अब तक कुल 161 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है जिसमें से 41 की 28 दिन की रिस्क अवधि पूरी हो चुकी है और वो स्वस्थ हैं। डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि जिले के शहरी क्षेत्र में 105 और ग्रामीण क्षेत्र के पिंडरा ब्लाक के गांवों में 10 व्यक्तियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई है।