महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मंगलवार से दीक्षांत समारोह दीक्षोत्सव का आयोजन शुरू होगा। विवि, कॉलेज और स्कूलों में एकेडमिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी शुरू हो जाएंगी। महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. वंदना सिन्हा ने बताया कि गोद लिए गए गांव टिकरी, बच्छाव, केसरीपुर, जगतपुर, चित्रसेनपुर में कहानी कथन, भाषण, कला प्रतियोगिता और समूह देशभक्ति गीत गायन का आयोजन किया जाएगा। लोकबंधु जय नारायण इंटर कॉलेज, जनता इंटरमीडिएट कॉलेज, मातादीन सुकुल स्मारक इंटर कॉलेज, जगतपुर इंटर कॉलेज, महामना मालवीय इंटर कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालयों में भी भाषण, चित्रकला, कहानी कथन और देश भक्ति गीत समूह गान कराए जाएंगे। इन सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय विजेताओं का चयन किया जाएगा। इन्हें प्रतियोगिता के दूसरे चरण के लिए अवसर दिया जाएगा।