फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: भूमि अधिग्रहण को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने लेखपाल से की धक्का मुक्की

विज्ञापन
विज्ञापन
रामनगर मल्टीमॉडल टर्मिनल के समीप फ्रेट विलेज भूमि अधिग्रहण को लेकर विवाद शुरू हो गया है। चंदौली (टर्मिनल के समीप) ताहिरपुर गांव में सोमवार की सुबह 10 बजे जमीन की नापी कर पत्थर लगाने पहुंचे राजस्व विभाग के कर्मचारियों से ग्रामीण उलझ गए। आरोप है कि धक्का-मुक्की करते हुए लेखपाल से अभद्रता किए। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि वे वाराणसी के सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजा की मांग कर रहे थे। लेखपाल ने ही अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।रामनगर के राल्हूपुर में बने बंदरगाह के समीप ही 100 एकड़ में प्रस्तावित फ्रेट विलेज परियोजना को दो चरण में बनाने की योजना है। पहले चरण के निर्माण शुरू करने के लिए 74 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने आठ एकड़ भूमि पहले ही अधिग्रहण कर लिया है। समीप में ही सिंचाई विभाग की लगभग तीन एकड़ भूमि भी अब बंदरगाह के नाम हस्तांतरित हो गई है। भूमि अधिग्रहण की जिम्मेदारी एसएलओ को दी गई है। वहीं, परियोजना के लिए किसानों से भी जमीन ली जानी है। इसी सिलसिले में सोमवार को लेखपाल राकेश कुमार राजस्व विभाग की टीम के साथ पैमाइश करने गए थे। लेखपाल का आरोप है कि भूमि के पैमाइश के दौरान ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की और अभद्रता की। ग्रामीणों के विरोध के चलते राजस्व विभाग के कर्मचारी बिना पैमाइश किए वापस लौट गए। ग्रामीणों के विरोध की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दे दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि भूमि अधिग्रहण के लिए वाराणसी की जगह चंदौली जिले के सर्किल रेट से मुआवजा दिया जा रहा है। जब वे वाराणसी के सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजे की मांग कर रहे थे तब लेखपाल ने क्षेत्रीय लोगों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। इससे भड़के ग्रामीणों ने उनसे अभद्रता की और मौके से चले जाने को कहा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें