वाराणसी। बीएचयू में कनिष्ठ लिपिक की भर्ती के लिए परीक्षा के विरोध में बृहस्पतिवार को संविदा कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। पहले सेंट्रल ऑफिस और बाद में मधुबन पार्क में प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा स्थगित करने की मांग की। धरने के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से सेवा देने वाले कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जा रहा है। पिछले दिनों विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए समिति का गठन भी किया गया है। बताया कि विश्वविद्यालय ने 199 लिपिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। लिखित परीक्षा भी प्रस्तावित की गई है। कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा स्थगित करने की मांग की। बीएचयू प्रशासन की ओर से रात में जारी स्पष्टीकरण में बताया गया कि संविदा कर्मियों के नियमितीकरण के लिए समिति गठित है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। जूनियर क्लर्क भर्ती परीक्षा का प्रश्न पूरी तरह असंबंधित है। संविदा कर्मियों का मुद्दा सेवा के नियमितीकरण का है। ब्यूरो