बलिया। जनपद की पुलिस एक बार फिर अपने कारनामे से शर्मसार हो रही है। हालिया मामला जनेश्वर मिश्र सेतु का है। यहां वाहन चालकों एवं व्यापारियों से लोगों की सुरक्षा में लगी पुलिस पैसे वसूल रही है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है।
शिकायतकर्ता कन्हैया का आरोप है कि पुल से आने जाने वाले प्रति वाहन से पुलिस 50 रुपये वसूलती है। वसूली से परेशान कन्हैया ने अपने मोबाइल से अवैध वसूली का वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में कन्हैया ने जब वहां मौजूद पुलिस के जवानों को 30 रुपये दिया तो पुलिसवाले गाली-गलौज करने लगे। मौजूद पुलिसकर्मी ने बताया कि 50 रुपये से कम में कोई बात नहीं बनेगी। ज्यादा बात करनी हो तो इंचार्ज से बात कर लेना। दरअसल गंगा नदी पर बना ये जनेश्वर सेतु यूपी से बिहार को जोड़ता है। हजारों की संख्या में किसान से लेकर पशुपालक और व्यापारी समान ढोने वाले वाहन को लेकर गुजरते हैं। दुबहड़ थाने अंतर्गत आने वाला यह पुल पहले भी कई बार अवैध कमाई को लेकर चर्चा में आ चुका है। कोतवाली प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि सिपाही आयुष सिंह को निलंबित किया गया है।