कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेसजन दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली में आयोजित महारैली में कांग्रेस नेता लोकतंत्र की रक्षा और वोट चोरी के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। दिल्ली रवाना होते समय कार्यकर्ताओं ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र की सीधी हत्या है। भाजपा सत्ता बचाने के लिए सांविधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस इस साजिश के खिलाफ सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। 14 दिसंबर को रामलीला मैदान पर आयोजित रैली को सफल बनाएंगे और लोकतंत्र बचाने की इस लड़ाई में हम सब सहभागी बनेंगे। इस दौरान डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, हसन मेहंदी कब्बन, मनोज वर्मा मनु, यासीन राईन आदि रैली में शामिल होने के लिए रवाना हुए।