ससुराल वालों की प्रताड़ना की पुलिस से शिकायत करने पर आजमगढ की नफीसा को पति मुनीस आजमी ने दुबई से फोन पर तलाक दे दिया। इतना ही नहीं, ससुराल वालों ने उसे तीनों बच्चों समेत घर से भी निकाल दिया। हालांकि पंचायत में दबाव बनने पर उसे एक छोटा कमरा रहने के लिए दे दिया गया है। पीड़िता ने मंगलवार को एसपी ग्रामीण से इसकी शिकायत की। एसपी ने कानून विशेषज्ञों से मशविरा कर कड़ी कार्रवाई का निर्देश पुलिस को दिया है।
सिधारी क्षेत्र के औसत अली कालोनी निवासी नफीसा ने बताया कि उसका मायका सुल्तानपुर जिले में है। उसकी शादी मुनीस से हुई है। पति दुबई में नौकरी करता है। सास सितारूनिशां, ससुर अब्बास, देवर इरशाद, ननद राशिदा, फातमा, नसीबुनिशा किसी न किसी बहाने उसे प्रताड़ित करते हैं। नफीसा ने फोन पर पति को इसकी जानकारी दे दी।
इससे नाराज घरवालों ने 19 सितंबर को उसकी पिटाई कर दी। इस पर नफीसा ने थाने में सास और देवर के खिलाफ तहरीर दी तो पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर ली। इससे नाराज पति ने 20 सितंबर की शाम को फोन पर तीन तलाक दे दिया।
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में इस तरह का पहला मामला सामने आया है। प्रभारी निरीक्षक सिधारी को कानून विशेषज्ञों की राय लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।