वाराणसी। सतत निगरानी की वजह से कमिश्नरेट पुलिस को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की दिसंबर 2025 की रैंकिंग में प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान मिला। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग कुल 51 पैरामीटर पर आधारित होती है। इसमें अपराध नियंत्रण, विवेचना-निस्तारण, पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, डायल-112 पीआरवी रिस्पांस टाइम, गो तस्करी और एनडीपीएस अधिनियम में कार्रवाई, महिला अपराध और एससी-एसटी एक्ट मामलों में कार्रवाई, गुंडा और गैंगस्टर एक्ट में सख्त कार्रवाई और न्यायालयों में दोषियों को सजा दिलाना शामिल है। पांच महीनों से वाराणसी लगातार प्रदेश में टॉप-10 में है। 2023 और 2024 में जनपद अंतिम दस जिलों में था, लेकिन निरंतर प्रयास, रणनीतिक सुधार और सशक्त पुलिसिंग के कारण अब जनपद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तृतीय स्थान हासिल किया है। डायल-112 पीआरवी रिस्पांस टाइम में ‘ए ग्रेड’ मिला। महिला अपराधों में कार्रवाई और प्रभावी मॉनिटरिंग से सराहनीय परिणाम और दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाने में सफलता मिली। ब्यूरो