जफराबाद। क्षेत्र के गद्दीपुर गांव में शनिवार की देर रात कोचिंग संचालक की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय संचालक घर से कुछ दूर स्थित कोचिंग सेंटर पर अकेले सो रहा था। परिजनों को इसकी जानकारी सुबह हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है।
उक्त गांव निवासी अजय कुमार मौर्या(30) घर से कुछ दूर स्थित इंटर कालेज के पास अरिशा नाम से कोचिंग क्लास चलाता था। बताया जा रहा है कि पहले वह कई अन्य के साथ कोचिंग क्लास में रात को सोता था। पिछले कुछ दिन से वह रात को कोचिंग क्लास में अकेला ही सो रहा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि देर रात को उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता आलोक मौर्या होमगार्ड व नगर पंचायत कजगाव के सभासद भी हैं। वे भोर में ड्यूटी से घर जाते समय कोचिंग क्लास पहुंचे। वहां पर अजय की गोली मारकर हत्या करके शव पड़ा दिखा। यह नजारा देखकर वह शोर मचाने लगे। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे को दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसके बाद एसपी सिटी बृजेश कुमार, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता, थानाध्यक्ष सिकरारा राजाराम द्विवेदी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हत्या स्थल से थोड़ी दूर पहले स्थित धीरज मिश्र के घर पर रात को पत्थरबाजी व चोरी की सूचना पर पुलिस रात को भी मौके पर गई थी। हत्या इस घटना के पहले हुई या बाद में यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आएगा।
इस बाबत सीओ कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि कोचिंग संचालक की हत्या में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छानबीन जारी है।