मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर चहनिया के रामगढ़ में बाबा किनाराम जन्मस्थली का निरीक्षण करते मं
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर/चहनिया। बाबा कीनाराम आश्रम के जीर्णोद्धार के शिलान्यास समेत लगभग 19 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास करने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामगढ़ आएंगे। वह मंदिर में दर्शन पूजन के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रण दिया जा रहा है। उधर, प्रदेश के पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नीलकंठ तिवारी शुक्रवार को तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा और साफ सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। बाबा कीनाराम के 450वें जन्मोत्सव पर 2019 में रामगढ़ स्थित आश्रम में आए सीएम योगी ने आश्रम और आसपास के विकास कार्यों की घोषणा की थी। संक्रमण के चलते इस पर ग्रहण लग गया था। नवंबर में कार्यदायी संस्था को पैसे मिल चुके हैं और कार्य शुरू होने वाला है। सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ में आयोजित सीएम की जनसभा को सफल बनाने के लिए भाजपाजन तैयार हैं। जनसभा में 20 हजार लोगों को जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। शुक्रवार को पर्यटन राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और जिलाधिकारी संजीव सिंह ने बाबा कीनाराम मठ परिसर सहित हेलिपैड पार्किंग, सफाई आदि के साथ सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी अजय मिश्रा, सीओ, अनिरुद्ध सिंह, बलुआ थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, आर पी कुशवाहा, धनंजय सिंह, अरुण सिंह, विद्याशंकर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।