बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के सीनियर सिविल इंजीनियर ओमप्रकाश सोनकर मामले की जांच में सीबीआई ने बरेका के एक बाबू और एक अफसर को लखनऊ तलब किया है। अफसर और बाबू से शनिवार तक पूछताछ की जाएगी। इस दौरान सिविल इंजीनियर की तैनाती के समय से टेंडर, बिल पास कराने आदि कई कार्यों के बारे में बाबू से जानकारी ली जाएगी।
वहीं, इंजीनियर ओमप्रकाश के ऊपर बैठे अफसर पर सोनकर के भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने का आरोप है। बिल पास करने के एवज में ठेकेदार से तीन लाख का घूस लेते हुए सीनियर सिविल इंजीनियर ओमप्रकाश सोनकर को सीबीआई ने 16 सितंबर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया था।
फुलवरिया स्थित राणा नगर कॉलोनी से सोनकर के मकान से साढ़े सात लाख नकदी और आभूषण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे। इसके बाद बरेका ने भी इंजीनियर की आंतरिक जांच शुरू की।