आईएमएस बीएचयू में निदेशक पद पर तैनाती के लिए बृहस्पतिवार को होने वाले साक्षात्कार पर सभी की नजरें टिकी हैं। अंतिम दौड़ में 14 नाम हैं। इनमें से सात आईएमएस बीएचयू के हैं। मुंबई, लखनऊ, दिल्ली, छत्तीसगढ़ सहित अन्य चिकित्सा संस्थानों के सात डॉक्टरों ने भी दावेदारी की है। चर्चा है कि इस बार आईएमएस बीएचयू के बाहर के किसी डॉक्टर को निदेशक की जिम्मेदारी दी जा सकती है। आईएमएस में अप्रैल 2022 से ही निदेशक का पद खाली चल रहा है। प्रो.एसके सिंह कार्यवाहक निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। स्थायी निदेशक की तैनाती के लिए बृहस्पतिवार सुबह 9.30 बजे से कुलपति आवास पर साक्षात्कार होगा। इसके लिए भर्ती प्रकोष्ठ की बुधवार को दिन भर तैयारी चलती रही। अधिकांश दावेदार देर शाम तक वाराणसी आ गए। कुछ लोग ऑनलाइन साक्षात्कार देंगे।
प्रो बीआर मित्तल ने बीच में ही छोड़ा था प्रभार
पिछले वर्ष साक्षात्कार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ के प्रो. बीआर मित्तल के नाम पर मुहर लगाई गई थी, लेकिन वह लंबे समय तक नहीं रुक सके। प्रो. बीआर मित्तल के दिसंबर 2020 में निदेशक बनने के बाद डेढ़ साल का कार्यकाल पूरा किया था। इसके बाद इस्तीफा देकर वापस चंडीगढ़ चले गए।
इस बार भी बीएचयू से बाहर के किसी नाम पर फैसला होने की संभावना है।
000
24 ने किया था आवेदन, 10 हो गए बाहर
विश्वविद्यालय की ओर से आवेदन मांगे गए थे, उसमें कुल 24 लोगों ने आवेदन किया था। आवेदन फार्मों की स्क्रीनिंग के बाद 14 लोगों का नाम साक्षात्कार वाली सूची में शामिल किया गया है, जबकि अलग-अलग कारणों से 10 लोग साक्षात्कार के लिए चयनित नहीं हो पाए। इसमें सभी योग्यता को पूरी नहीं कर पाए हैं।
000
इनका होना है साक्षात्कार
डॉ. गोपालनाथ, डॉ. कैलाश कुमार, डाॅ. संजीव कुमार गुप्ता, डॉ.अशोक कुमार, डॉ. राहुल खन्ना, डॉ. विनोद कुमार दीक्षित, डॉ. अमित रस्तोगी, डाॅ.सत्य नारायण शंखवार, डॉ. हरीश मनीलाल पाठक-, डॉ.अभय कुमार, डॉ. हर्षद पी ठाकुर, डाॅ. ओमकुमार, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अनिमेश मिश्रा।
000
नीति आयोग के सदस्य भी होंगे शामिल
आईएमएस बीएचयू में निदेशक पद के लिए होने वाले साक्षात्कार में गवर्निंग बाॅडी के चेयरमैन और नीति आयोग के सदस्य डॉ.वीके पॉल प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। इसके अलावा वाराणसी से बाहर के कुछ लोग ऑनलाइन भी जुड़ सकते हैं।