स्व. आनंद रत्न मौर्य स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट प्रतियोगिता के तहत खेले गए फाइनल में मां वैष्णो क्लब चिरईगांव की टीम ने भगवती माता स्पोर्टिंग क्लब रुस्तमपुर को 15 रनों से हरा कर शील्ड अपने नाम की। चंदौली लोकसभा क्षेत्र से तीन बार सांसद रहे स्व आनंद रत्न मौर्य की पुण्यतिथि पर ग्राम पंचायत के उत्साही युवाओं की ओर से पूर्व की भांति सोमवार को तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता हुई। इसमें क्षेत्र के चिरईगांव, सारनाथ, नेवादा, महमूरगंज, रूस्तमपुर, संदहा, गौरा कला, बरियासनपुर, आशापुर समेत कुल 32 टीमों ने पंजीकरण कराया। तीसरे दिन बुधवार को 20 ओवर का अंतिम मैच चिरईगांव और रुस्तमपुर की टीमों के बीच खेला गया। इसमें चिरईगांव की टीम 15 रनों से विजयी रही। अंत में विजेता एवं उपविजेता दोनों टीमों को नकद पुरस्कार व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व ग्राम प्रधान धनंजय सिंह मौर्या, अजय मौर्या, शाहनवाज खान, दीपक मौर्या, संजीवन मौर्या सबलू, विशाल मौर्या, आर्यन उपस्थित रहे।