केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस अत्यंत उत्साह, उल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इसमें विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, नवाचार एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए विशेष कार्यक्रम हुए। शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीबीपी वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन और महान वैज्ञानिक सीवी रमन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक के जीवन वृतांत सुनाए तो कुछ ने वैज्ञानिकों के सिद्धांतों पर आधारित प्रभावशाली प्रयोगों का प्रदर्शन किया। उन्होंने इन प्रयोगों के माध्यम से भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान के सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप से समझाया। विद्यालय के शिक्षकों एके खरवार, मनोज कुमार, एके शाह और आशुतोष लाल के कुशल मार्गदर्शन में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।