वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति बिहारी लाल शर्मा ने छठ के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और दार्शनिक महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, समभाव और लोकमंगल की सनातन चेतना का महोत्सव है। कुलपति ने छठ को भारतीय जीवन-दर्शन की समग्रता और प्रकृति के प्रति असीम कृतज्ञता का अनुपम सांस्कृतिक महोत्सव बताया। कुलपति ने बताया कि छठ की सबसे विशिष्ट विशेषता अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य दोनों की समान श्रद्धा से उपासना करना है। अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करना समभाव, विनम्रता और कृतज्ञता का आदर्श दर्शाता है। षष्ठी देवी की आराधना मातृत्व, संतान के आरोग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की भावना को प्रतिष्ठित करती है। व्रती महिलाओं का त्याग, कठिन तप और अटूट श्रद्धा भारतीय नारी शक्ति की आध्यात्मिक सामर्थ्य का प्रेरक उदाहरण है। यह पर्व परिवार और समाज को श्रद्धा और आत्मीयता के सूत्र में बांधता है। उन्होंने कहा कि सूर्य, जल, पृथ्वी और वनस्पतियों के प्रति श्रद्धा हमें प्रकृति के संतुलन पर मानव जीवन की निर्भरता का बोध कराती है। ब्यूरो