चकरा खेवली गांव निवासी दिव्यांग साइकिल मिस्त्री को लॉटरी में 25 करोड़ रुपये जीतने का झांसा देकर जालसाजों ने 87 हजार रुपये ठग लिए। भुक्तभोगी ने जंसा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।जंसा थाना क्षेत्र के चकरा खेवली निवासी दिव्यांग साइकिल मिस्त्री बाबूलाल को शुक्रवार की दोपहर साइबर जालसाजों ने फोन कर 25 करोड़ की लॉटरी जीतने की सूचना दी। इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से 25 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतने का कार्ड भेजा। कहा कि 25 करोड़ रुपये की धनराशि आपके खाते में कुछ घंटों बाद भेज दी जाएगी। खाते में पैसा मंगवाने के लिए फीस देनी होगी। इसके बाद बाबूलाल से 12 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये की बारी-बारी से मांग की गई। बाबूलाल ने 87 हजार रुपये बतौर फीस दे दिए तो उससे फिर 25 हजार रुपये की मांग की गई। इस पर बाबूलाल को संशय हुआ और उसने अगल-बगल के लोगों को पूरी बात बताई तो सभी ने बताया कि वह जालसाजी का शिकार हुआ है।