सेवापुरी। आशा ट्रस्ट व लोक समिति की ओर से चल रहे महिला हिंसा विरोधी पखवाड़े के तहत मंगलवार को महिलाओं और किशोरियों ने जंसा थाने का भ्रमण किया। इस दौरान थाने के अंतर्गत होने वाली प्रशासनिक कार्यवाही से रूबरू हुईं।
किशोरियों व महिलाओं के साथ थाना परिसर में लगी चौपाल में थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने महिलाओं को उनके अधिकार और विभिन्न कानूनों के बारे में बताया। आपातकाल के दौरान मदद के लिए हेल्पलाइन लाइन नंबर 112, 181, 1090 के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी। लड़कियों, महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए घरेलू महिला हिंसा विरोधी कानून, पॉक्सो कानून के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस से जुड़े सवाल भी किए। महिलाओं ने जुआ और शराब की दुकानें बंद कराने की मांग की। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर, ग्राम प्रधान राजेश पटेल, अनीता पटेल व सोनी मौजूद रहीं। संवाद
-----------
डीसीपी वरुणा जोन ने थाने का जाना हाल
लोहता। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन आरती सिंह ने मंगलवार को लोहता थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान मालखाना, रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, रसोई घर आदि का हाल जाना। डीसीपी वरुणा ने निर्देशित किया कि महिला अपराध से जुड़े मामलों को गंभीरता से देखें, पीड़िताओं से फीडबैक लें। वहीं, निकाय चुनाव को लेकर क्षेत्र में आने वाले मतदान केंद्रों निरीक्षण करें। हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कार्रवाई करें। निरीक्षण के दौरान एसओ लोहता राजकुमार पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद