शहर के विभिन्न स्थानों पर बीते एक हफ्ते में पुलिस की ओर से चलाए गए चेकिंग अभियान में 14044 वाहनों का चालान किया गया। इसके साथ ही बगैर परमिट और फिटनेस खत्म हो जाने के बाद चलने वाले 835 ऑटो व ई-रिक्शा सीज किए गए। अपर पुलिस उपयुक्त यातायात राजेश कुमार पांडेय ने बृहस्पतिवार को बताया कि लगातार चलाए गए अभियान से जाम की समस्या कम हुई है। यातायात में सुधार के लिए अभियान चलाकर प्रतिदिन कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को नगर निगम, रोडवेज व परिवहन विभाग के अधिकारियों संग यातायात पुलिस लाइन सभागार में ऑटो व ई-रिक्शा चालक यूनियन के साथ बैठक की जाएगी। बैठक में शहर में ऑटो व ई-रिक्शा के लिए रूटवार कलर कोडिंग और वाहन पार्किंग के साथ ही अन्य बुनियादी सुविधाओं के बारे में बात कर निर्णय लिया जाएगा।