दसवीं के छात्र बोले कठिन रहा भाषा का स्तर, बारहवीं के छात्र घुमावदार थे प्रश्न
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षा शनिवार को खत्म हो जाएगी। वहीं, शुक्रवार को मुख्य विषयों के कठिन प्रश्न पत्रों ने छात्रों के पसीने छुड़ा दिए। प्रश्न पत्र लंबा होने के साथ ही भाषा का स्तर कठिन होने पर प्रश्न हल करने में काफी परेशानी हुई। प्रश्न भी काफी घूमा कर पूछे गए। औसत छात्रों को पूरे प्रश्न हल करने में दिक्कतें आईं।
शुक्रवार को दसवीं में हिंदी कोर्स ए व हिंदी कोर्स बी के पेपर हुए। बारहवीं में अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई। हिंदी भाषा के प्रश्न पत्र ने औसत से अधिक अंक वाले छात्रों को भी परेशान किया। अर्थशास्त्र में भी न्यूमेरिकल प्रश्नों के साथ थ्योरी ने उलझाया। छात्रों की माने तो अर्थशास्त्र के पेपर में कैलकुलेशन ज्यादा थी, इससे प्रश्न हल करने में समय लगा। हालांकि छात्रों ने कहा कि पेपर संतुलित था, कुछ भी पाठ्यक्रम के बाहर से नहीं पूछा गया था।
गणित से साथ खत्म होगी दसवीं की परीक्षा
स्टैंडर्ड गणित व बेसिक गणित की परीक्षा शनिवार को होगी। इसी के साथ दसवीं की परीक्षा खत्म हो जाएगी। वहीं, इंटरमीडिएट के छात्रों की परीक्षा पांच अप्रैल तक चलेगी। शनिवार को पेंटिंग, ग्राफिक्स, स्कल्पचर व अप्लाइड आर्ट विषय की परीक्षा सुबह 10.30 से 12.30 बजे तक होगी।
प्रश्न तो पाठ्यक्रम से पूछे गए थे, लेकिन कैलकुलेशन ज्यादा होने से प्रश्नपत्र लंबा लगा। - विभिवी जोशी
तैयारी अच्छी थी, पेपर भी अच्छा गया है। कुछ प्रश्नों को छोड़ दें तो बाकी के सटीक उत्तर दिए। - श्रेया सेठ
कोई परेशानी नहीं हुई। थ्योरी के साथ गणित के प्रश्नों की संख्या ज्यादा रही। - वरदान अग्रवाल
सीआईएससीई : भौतिक के घुमावदार प्रश्नों ने खूब उलझाया
वाराणसी। सीआईएससीई बोर्ड में शुक्रवार को दसवीं के छात्रों की भौतिक विषय की परीक्षा हुई। घुमावदार प्रश्नों ने छात्रों के पसीने छुड़ा दिए। जिले के 12 केंद्रों पर 2500 छात्रों ने परीक्षा दी। कठिन प्रश्नपत्र के कारण औसत छात्रों को काफी परेशानी हुई। सुबह 11 से एक बजे तक हुई परीक्षा के बाद जब छात्र केंद्र से बाहर आए तो उनके चेहरे पर मायूसी साफ छलक रही थी। छात्रों की माने तो प्रश्न काफी ट्रिकी थे। इस कारण कुछ छात्रों के प्रश्न छूट भी गए।
बारहवीं के छात्रों की जीवन विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा केंद्रों से बाहर आ रहे छात्रों के चेहरे पर अच्छे पेपर की खुशी साफ दिख रही थी। ये परीक्षा दोपहर दो से लेकर शाम पांच बजे तक हुई। लगभग 1500 से ज्यादा छात्र परीक्षा में बैठे।
आज होगी लीगल स्टडीज की परीक्षा
दसवीं की आज सुबह नौ से 12 बजे तक कला की परीक्षा होगी। जबकि बारहवीं कक्षा की लीगल स्टडीज विषय की परीक्षा होगी। ये परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक चलेगी।
पेपर मध्यम स्तर का था, जिससे इस हल करने में कोई दिक्कत नहीं हुई। - जाह्नवी मिश्रा
सभी प्रश्न आसान थे। जिस हिसाब से तैयारी थी, पेपर अच्छा गया है। - अदिती वालिया
जीव विज्ञान में कोई भी प्रश्न ज्यादा कठिन नहीं था। सभी प्रश्न पाठ्यक्रम से पूछे गए थे। - ईशाक