टी-शर्ट में सोने की पेस्ट चिपकाकर लाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी स्थित बाबतपुर में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने शारजाह से आए एक यात्री के पास से 533 ग्राम विदेशी सोना बरामद किया। सोने की कीमत 33 लाख रुपये है। कस्टम एक्ट के तहत सोना जब्त कर यात्री से पूछताछ करने के बाद उसे छोड़ दिया गया।
कस्टम विभाग के एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अफसरों ने बताया कि बुधवार शाम एयर इंडिया का विमान शारजाह से यात्रियों को लेकर बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचा। यात्री बाहर निकलने लगे तो बिहार के पश्चिमी चंपारण निवासी मुन्ना कुमार पर शक हुआ।
मुन्ना की चेकिंग के दौरान उसके टी-शर्ट में सोना की पतली परत पेस्ट के रूप में चिपकी मिली। पूछताछ में मुन्ना ने बताया कि वह एक महीने पहले शारजाह गया था। सोना किसने दिया था और यहां किसे देना था, इसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है।