बेला स्थित डाकघर में वर्ष 2015 से 2017 के बीच सुकन्या समृद्धि योजना के तहत नौ लाख 40 हजार रुपये के गबन के मामले में छह वर्ष बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। प्रवर अधीक्षक राजन ने पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन से गुहार लगाई, इसके बाद पुलिस ने आरोपी डाकपाल भूपेंद्र कन्नौजिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
प्रवर अधीक्षक के अनुसार वर्ष 2015 और 2017 में शाखा डाकपाल भूपेंद्र कनौजिया ने नौ लाख 40 हजार 422 रुपये गबन किए। जांच के दौरान सहायक अधीक्षक डाकघर उपमंडल द्वारा अगस्त 2017 में मुकदमा दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी थी। इसके बाद मार्च 2022 में मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई। मगर, चोलापुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र दिया गया। तब मुकदमा दर्ज हुआ।
जालसाजों ने डेबिट कार्ड बदलकर उड़ाए 53 हजार
सेवापुरी। कपसेठी चौराहे के पास एसबीआई एटीएम बूथ में जालसाजों ने एक युवक का डेबिट कार्ड बदलकर खाते से तीन बार में 53 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने शुक्रवार को कपसेठी थाने में तहरीर दी। कपसेठी थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव निवासी अविनाश कुमार सिंह के अनुसार उनका बैंक खाता कपसेठी शाखा में है। दोपहर के समय कपसेठी चौराहे स्थित एटीएम बूथ से नकदी निकालने पहुंचा तो पहले से ही दो युवक मौजूद थे। इस बीच दोनों ने सहायता के नाम पर धोखे से डेबिट कार्ड ही बदल दिया। तीन बार में 53 हजार रुपये निकलने का मोबाइल पर मैसेज आया तो घटना की जानकारी हुई और बैंक के शाखा में पहुंचकर डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया। संवाद