कपसेठी बाजार में हुआ हादसा, घटना से गुस्साए लोगों ने वाराणसी-भदोही मार्ग पर लगाया जाम
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सेवापुरी। कपसेठी बाजार में शनिवार की रात भदोही की तरफ से आ रही कार को ओवरटेक करने के चक्कर में एक अन्य कार उससे टकरा गई। इसके बाद कार ने साइकिल स्टोर को क्षतिग्रस्त करते हुए फूल-माला की दुकान पर खड़े एक बालक को कुचल दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वाराणसी-भदोही मार्ग पर जाम लगा दिया। कपसेठी, जंसा, राजातालाब और मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्रभावी तरीके से कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम लगाए हुए लोगों को शांत कराया।
भदोही से वाराणसी की तरफ जा रही कार को एक अन्य कार ओवरटेक करने के चक्कर में अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। इसके बाद वह कार एक साइकिल स्टोर में जा घुसी। तीन ट्रॉली और सात साइकिल को क्षतिग्रस्त करने के बाद कार ने पास में ही मौजूद रमेश मोदनवाल की फूल-माला की दुकान पर खड़े 13 वर्षीय प्रिंस मोदनवाल को कुचल दिया। हादसे में प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कपसेठी थाने की पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। उधर, प्रिंस के परिजनों ने बताया कि वह हादसे से लगभग 20 मिनट पहले दुर्गा प्रतिमा विसर्जित कर लौटा था और फूल-माला की दुकान पर खड़ा हो गया था। प्रिंस दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था।
रेस लगा रहे युवक नाले की दीवार से टकराए, एक की मौत
सारनाथ। पुरानापुल क्षेत्र में पुलिया की दीवार से टकराकर बाइक सवार दो युवक नाले में गिर गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। आशापुर से पुरानापुल की ओर से तीन-चार बाइक सवार छह-सात युवक शनिवार की रात लगभग 2.30 बजे आपस में रेस लगाते हुए जा रहे थे। उसी दौरान एक बाइक सवार दो युवक पुरानापुल चौकी से लगभग 200 मीटर पहले बायीं तरफ नाले की दीवार से टकरा गए। दीवार से टकराने के बाद दोनों युवक लगभग 10 फीट गहरे नाले में जा गिरे। हादसे में बजरडीहा निवासी सूर्या चौहान (21) की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठा रामलीला मैदान, खोजवा निवासी मक्खन (19) गंभीर रूप से घायल हो गया। सारनाथ थाना प्रभारी परमहंस गुप्ता ने बताया कि युवकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।